प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य की प्रीमियम ट्रेन 12309-12310 राजेंद्र नगर टर्मिनल नई दिल्ली राजेंद्र नगर टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस के मार्ग में परिवर्तन किया जा सकता है। इसके राजेंद्र नगर से खुलने व पहुंचने के समय में थोड़ा बदलाव हो सकता है। लेकिन इसके दिल्ली पहुंचने के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। अनुमान के मुताबिक यह ट्रेन डीडीयू से वाराणसी और फिर वहां से प्रयागराज जंक्शन जा सकती है। अभी इस ट्रेन को बदले रूट से चलाए जाने के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पहले डीडीयू से सीधे प्रयागराज जंक्शन जाती थी ट्रेन

रेल ट्रैकर के द्वारा भी ट्रेन के रूट को लेकर जानकारी दी गयी है। रेल ट्रैकर की ओर से जारी वेबसाइट पर इसकी जानकारी को साझा करते हुए कहा गया है कि ट्रेन संख्या 12309/10 राजेन्द्र नगर नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को शीघ्र ही डीडीयू-वाराणसी-प्रयाग राज के रास्ते चलाया जाएगा। पहले यह ट्रेन डीडीयू से सीधे प्रयागराज जंक्शन जाती थी। अब यह डीडीयू से वाराणसी होते हुए जंघई, फाफामऊ होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी। इसमें करीब डेढ़ से दो घंटे का अतिरिक्त समय लग सकता है।

शीघ्र ही घोषित की जाएगी समय सारणी

खबरों की मानें तो डीडीयू और प्रयागराज के बीच नई समय सारणी भी शीघ्र ही घोषित की जाएगी। नई समय सारणी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस रात 8:35 बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचेगी और 8:45 बजे रवाना होगी। 9:35 बजे वाराणसी पहुंचकर 9:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 12.08 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। पहले की तरह दूसरे दिन सुबह 7.40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। नई दिल्ली से यह शाम 5:10 बजे खुलेगी और प्रयागराज रात 12:20 बजे पहुंचेगी। 2.30 बजे वाराणसी और 3.30 बजे डीडीयू पहुंचेगी। अब देखना यह है कि इसकी आधिकारिक पुष्टि कब होगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *