बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अख्तरुल ईमान मांगें माफी
अररिया में AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान के विवादास्पद बयान पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। सैफ अली खान ने बेटियों के सम्मान के लिए माफी की मांग की है।

अररिया में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अख्तरुल ईमान द्वारा शादी-विवाह और दुल्हनों को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी ने राजनीतिक विवाद को गहरा कर दिया है। इस बयान के बाद इलाके में सियासी पारा चढ़ गया है और विपक्षी दलों ने इसे महिलाओं की गरिमा पर हमला बताया है।
कांग्रेस ने साधा निशाना
अररिया जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सैफ अली खान ने विधायक के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान और गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों, फिजूलखर्ची और गलत परंपराओं के खिलाफ आवाज उठाना हर जिम्मेदार व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर बहू-बेटियों का अपमान करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
सैफ अली खान ने मांग की है कि अख्तरुल ईमान को अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक जनप्रतिनिधि और समाज का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति को अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
इस्लाम की शिक्षाओं का दिया हवाला
विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए खान ने धार्मिक संदर्भों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस्लाम महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और गरिमा प्रदान करने की शिक्षा देता है।
"कुरान और हदीस में जुबान की हिफाजत, दूसरों की इज्जत और अच्छे अखलाक पर विशेष जोर दिया गया है। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद ने भी महिलाओं के साथ बेहतरीन व्यवहार करने की शिक्षा दी है। ऐसे में महिलाओं के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल इस्लाम की मूल शिक्षाओं के बिल्कुल विपरीत है।"
विकास के मुद्दों पर ध्यान देने की सलाह
सैफ अली खान ने आगे कहा कि यदि शादी-विवाह में फिजूलखर्ची या कोई सामाजिक बुराई है, तो उसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। लोगों को समझाना चाहिए, न कि सार्वजनिक मंचों से ऐसी भाषा का प्रयोग किया जाए जिससे समाज की बेटियों को अपमानित महसूस हो।
उन्होंने यह भी कहा कि सीमांचल की जनता ने जनप्रतिनिधियों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए चुना है। नेताओं को इन विषयों पर गंभीरता से काम करना चाहिए, न कि ऐसे बयान देने चाहिए जिनसे सामाजिक मर्यादा और महिलाओं के सम्मान पर सवाल खड़े हों। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि इंसानियत का विषय है।