सहरसा के अमन राज का अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी कैंप के लिए चयन

सहरसा, 07 सितंबर (हि.स.): फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ी अमन राज का चयन बीसीसीआई द्वारा आयोजित होने वाली अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित फिटनेस एवं स्किल कैंप के लिए चयनित 70 खिलाड़ियों की सूची में हुआ है।
चयन का आधार और खिलाड़ी की पृष्ठभूमि
अमन राज का चयन बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित घरेलू टूर्नामेंट में किए गए बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया गया है। हटिया गाछी निवासी और इवनिंग कॉलेज में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत अनिल कुमार साह के पुत्र दाएं हाथ के बल्लेबाज अमन साह का वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए कैंप में चयनित होने से फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी एवं जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों में हर्ष व्याप्त है।
कड़ी मेहनत और भविष्य की प्रेरणा
अमन के मेहनत, खेल के प्रति लगन, नियमित अभ्यास एवं निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते रहने के कारण उसका चयन कैंप के लिए हुआ है। अमन के चयन से जिले के नवोदित खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और उनके खेल में निखार आएगा, जिससे आने वाले दिनों में कई बेहतरीन खिलाड़ी उभरकर जिला, राज्य एवं राष्ट्र का प्रतिनिधित्व कर अपने भविष्य का निर्माण कर सकेंगे।