विजिट वीजा लेकर सऊदी अरब जाने वाले यात्री अब सस्ते में हज नहीं कर सकेंगे। सऊदी हुकूमत ने बिजनेस वीजा व विजिट वीजा पर रोक लगा दी है। इसकी वजह से हज यात्रा के दौरान किसी को जेद्दा व मदीना जाने के लिए वीजा नहीं मिल सकेगा।
सऊदी हुकूमत ने जेद्दा व मदीना का वीजा जारी न करने का एलान किया है। साथ ही अपनी एयरलाइंस (सऊदी अरेबिया) को यह हिदायत दी है कि वह किसी भी बिजनेस व विजिट वीजा पर जेद्दा व मदीना का टिकट बुक न करे। यह रोक 12 अगस्त (हज यात्रा पूरी होने तक) के बाद हटेगी।
हालांकि, सऊदी अरब ने रेयाध व दम्माम जाने पर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। लोग रेयाध व दम्माम के लिए वीजा हासिल कर सकते हैं। पर वह भी जेद्दा व मदीना नहीं जा सकेंगे। रास्ते में कई जगह उनको चेकिंग बैरियर से होकर गुजरना होगा।
हज कमेटी से हज करने के लिए यात्रियों को करीब 2.5 लाख रुपये तक खर्च करना पड़ता है। इसलिए कम कीमत में हज करने की तमन्ना पूरी करने के लिए लोगों ने यह तरकीब निकाली थी।

 
इच्छुक लोग सऊदी अरब से विजिट वीजा हासिल करते थे, फिर जेद्दा व मदीना पहुंचकर अपने किसी रिश्तेदार के घर रुकते थे। बाद में अपने रिश्तेदार के साथ मक्का जाकर हज के अरकान पूरे कर लेते थे।
ऐसा करने पर उनको हज कमेटी द्वारा निर्धारित हज यात्रा के कुल खर्च से करीब आधी कीमत में चुकी होती थी। बस उनको वीजा व एयर टिकट का ही पैसा देना होता था।
 
राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हज यात्रा की उड़ानों का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार की दो उड़ानों से 600 यात्रियों को रवाना किया गया। इन दोनों उड़ानों में यात्रियों के साथ पांच हज सेवक भी रवाना हुए। हज यात्रा की अंतिम उड़ान छह अगस्त को रवाना होगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *