संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजकुमारी हया बिन अल हुसैन अपने दो बच्चे और 31 मिलियन पाउंड (271 करोड़ रुपये) लेकर फरार हो गईं। हया दुबई के अरबपति शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की छठी पत्नी हैं। वह जॉर्डन के शाह (राजा) अब्दुल्ला की सौतेली बहन हैं। शेख मुहम्मद यूएई के उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री हैं। वह दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि हया इस समय लंदन में कहीं पर हैं।
 
शेख से तलाक चाहती थी हया बिंत
बताया गया है कि हया अपने शौहर शेख मुहम्मद से तलाक चाह रही हैं। पता चला है कि हया दुबई से पहले जर्मनी गईं। उनके साथ बेटी जलीला (11) और बेटा जायेद (7) हैं। वह नई जिंदगी की शुरुआत के लिए अपने साथ पर्याप्त मात्रा में धन लाई हैं। जर्मनी में उन्होंने सरकार से राजनीतिक शरण मांगी है।

सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं
ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ीं हया को सार्वजनिक रूप से और सोशल मीडिया अकाउंट पर 20 मई के बाद नहीं देखा गया। जबकि इससे पहले वह सामाजिक कार्यों से जुड़े फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती थीं। वह सामाजिक कार्यो में भी फरवरी से दिखाई नहीं पड़ रही थीं।
 
राजनयिक ने भागने मदद की
कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि जर्मन राजनयिक ने हया की दुबई से भागने में मदद की है। दावा यह भी किया जा रहा है कि जर्मन अधिकारियों ने हया की वापसी के लिए शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के अनुरोध को ठुकरा दिया है। इसके कारण दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संकट पैदा हो गया है। हालांकि, इन रिपोर्ट्स की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

इससे पहले शेख की बेटी लातिफा ने भी दुबई छोड़कर भागने की कोशिश की थी, लेकिन उसे भारतीय तट पर पकड़ लिया गया था और उसके बाद से वह लापता है। माना जा रहा है कि वह दुबई लौट चुकी है। लातिफा ने कहा था कि वह शोषण के कारण भाग रही हैं। शेख की बेटी लातिफा ने अपने पिता पर शोषण के आरोप लगाए थे। मानवाधिकार समूहों का कहना है कि लातिफा को अब भी दुबई में कैद करके रखा हुआ है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *