अररिया में एशियन थाई फूड फैक्ट्री के मजदूरों ने कम मजदूरी और अधिक समय काम कराने के खिलाफ किया धरना प्रदर्शन

अररिया 02 सितंबर: फारबिसगंज के बियाडा क्षेत्र परिसर में एशियन थाई फूड फैक्ट्री में कार्य करने वाले मजदूरों ने मजदूरी और अधिक समय तक फैक्ट्री मालिक के द्वारा काम लिए जाने के खिलाफ बुधवार को फैक्ट्री के गेट पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। मजदूरों ने कामकाज को ठप कर दिया। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना था कि प्रबंधन के द्वारा उनलोगों से बारह घंटे तक कार्य लिया जाता है और बदले में मेहनताना भी कम दी जाती है। फैक्ट्री में सभी दिन काम करवाया जाता है और अवकाश के दिन भी छुट्टी नहीं दी जाती है। इसकी शिकायत प्रबंधन से करने पर प्रबंधन के द्वारा काम से निकालने की धमकी दी जाती है।
प्रदर्शन में शामिल कामगार
प्रदर्शन कर रहे कामगारों में पूजा देवी, जूली देवी, समतोला देवी, रत्न देवी, पूजा गुड़िया देवी, श्रवण कामत, सुशील कुमार, राहुल सिंह, प्रकाश कुमार, मुनमुन झा, रोहित कुमार, अजीत कुमार, सुमन कुमार, विकास कुमार, विशाल कुमार, आकाश कुमार, प्रह्लाद कुमार, अनिल कुमार, हेमंत कामत, आदिल, राम सिंह, सोनी देवी, मंजू देवी, रेखा देवी सहित बड़ी संख्या में कामगार प्रदर्शन में शामिल थे और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
फैक्ट्री प्रबंधन का पक्ष
दूसरी ओर एशियन थाई फूड फैक्ट्री के प्रोपराइटर गौरव जैन ने कहा कि किसी भी संस्थान में अनुशासन सबसे बड़ी चीज होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित 436 रुपये प्रतिदिन मेहनताना के बदले उनके द्वारा 493 रुपये भुगतान किया जाता है, जिसमें श्रम कानून के अधीन पीएफ और अन्य राशि का कटता है। उन्होंने कहा कि उनके फैक्ट्री में काम करने वाले अधिकांश कामगार थर्ड पार्टी हैं और जिस लेबर कंपनी को मानव बल के लिए ठेका दिया गया है, वे उनसे बात करने के लिए अधिकृत हैं, न कि प्रदर्शन करने वाले मजदूरों से। उन्होंने बारह घंटे तक कार्य लेने के आरोप को सीधे से खारिज किया और कहा कि फैक्ट्री में काम के समय मजदूर खुले में स्नान कर रहे थे, उसे ऐसा करने से रोका गया तो वे प्रदर्शन को उतारू हो गए।