अररिया में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, पति की मौत और पत्नी समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

Ghazala Saheb24 August 20261 min read63 viewsBihar
अररिया में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, पति की मौत और पत्नी समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

अररिया-फारबिसगंज एनएच 27 फोरलेन सड़क पर मुड़बल्ला चौक के पास सोमवार को अनियंत्रित होकर एक बाइक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया।

यात्रा की जानकारी

कुर्साकांटा प्रखंड के हरिरा बलचंदा गांव से बाइक सवारों का एक जत्था मनिहारी से गंगा जल लेकर बाबा सुन्दरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए निकला था। जत्थे की अधिकांश बाइकें आगे निकल चुकी थीं, जबकि दो बाइकें पीछे रह गई थीं। पीछे आ रही एक तेज रफ्तार बाइक मुड़बल्ला चौक पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े।

मृतक और घायलों की पहचान

हादसे में हरिरा बलचंदा गांव निवासी 35 वर्षीय बाइक चालक देबू महतो की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी शोभा देवी इस दुर्घटना में घायल हो गईं। इसी दौरान उनके साथ चल रही दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक से टकरा गई, जिससे उस पर बैठी महिला ने भी संतुलन खो दिया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

अस्पताल में इलाज और पुलिस कार्यवाही

ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया जहां चिकित्सक ने देबू महतो को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी शोभा देवी और उसी गांव के मनोज महतो की पत्नी सोनी देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा यातायात थाना के प्रभारी थानेदार खुशबू कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment