अररिया में रफ्तार का कहर: तेज कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पति-पत्नी लहूलुहान
अररिया के रानीगंज-फारबिसगंज मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें सब्जी विक्रेता पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

अररिया जिले के रानीगंज-फारबिसगंज मुख्य मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हरिपुर लुटिया पुल के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि रिक्शा सड़क से नीचे गड्ढे में जा पलटा। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सब्जी बेचने जा रहे थे पति-पत्नी
घायल दंपति की पहचान टेढ़ी मुशहरी गांव के निवासी सदानंद मेहता और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सदानंद अपनी पत्नी के साथ ई-रिक्शा पर गोभी और अन्य हरी सब्जियां लादकर फारबिसगंज मंडी में बेचने जा रहे थे। तभी अचानक सामने से आ रही कार (नंबर BR 38AG 1531) ने उनके ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी सब्जियां भी चारों तरफ बिखर गईं।
अस्पताल से पूर्णिया रेफर किया गया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में दोनों को फारबिसगंज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है। परिजनों के अनुसार, दोनों की हालत अभी भी काफी चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने भागते कार चालक को दबोचा
हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने में सफल रहा, लेकिन ग्रामीणों ने हार नहीं मानी। लोगों ने पीछा कर घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर कार और उसके चालक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी चालक सहित कार को पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर गहरा आक्रोश जताया है।