अररिया में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
अररिया में चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।

अररिया जिले में चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व अररिया उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिए जाने के साथ ही श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। अहले सुबह से ही जिले के विभिन्न नदी, तालाब और पोखरों के घाट श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पट गए थे।
भक्तिमय माहौल में दी गई सूर्य देव को अर्घ्य
सूर्योदय से पहले ही छठव्रती पवित्र जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना करने लगे। हाथ में फल-फूल और पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर व्रतीओं ने छठी माई की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं लंबी आयु की कामना की। मौसम के बदलते मिजाज के बावजूद, श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद रातभर घाटों पर चहल-पहल बनी रही। रात के समय व्रतीओं ने गन्ने के छत्र के साथ कोशी भराई की रस्म पूरी की और फिर श्रद्धापूर्वक कोशी का विसर्जन किया। इस दौरान महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए हुए थीं।
इन प्रमुख स्थानों पर सजे थे घाट
अररिया के विभिन्न हिस्सों में घाटों का निर्माण किया गया था, जहाँ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई:
- परमान नदी का त्रिशूलिया घाट और बकरा नदी का तट
- फारबिसगंज की कोठीहाट नहर और सुल्तान पोखर
- कॉलेज चौक शायरानगर नहर और डॉ अलख बाबू का पोखर
- जोगबनी में परमान नदी का तट और नगर परिषद के पास के सरोवर
प्रशासन और समितियों की मुस्तैदी
छठ पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ पूजा समितियों द्वारा मुफ्त गाय के दूध की व्यवस्था भी की गई थी, जिसे श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
नगर परिषद और जिला प्रशासन की ओर से शहर और घाटों के आसपास रोशनी की समुचित व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। कुल मिलाकर, अररिया के शहरी और ग्रामीण इलाकों में यह महापर्व शांतिपूर्ण और धूमधाम से संपन्न हुआ।