अररिया: वायरल वीडियो मामले में कोचिंग संस्थान की जांच की मांग को लेकर डीईओ से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

Ghazala Saheb7 September 20262 min read13 viewsBihar
अररिया: वायरल वीडियो मामले में कोचिंग संस्थान की जांच की मांग को लेकर डीईओ से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

अररिया में फारबिसगंज के एससीपी कोचिंग से संबंधित कथित वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी साहेब आलम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कोचिंग संस्थान के संचालन एवं हॉस्टल व्यवस्था की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

  • कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीईओ को सौंपा आवेदन
  • कोचिंग और हॉस्टल की वैधता की जांच की मांग
  • वायरल वीडियो में हिजाब पहनी छात्राओं का आपत्तिजनक गीत पर नृत्य दिखाने का आरोप

जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि वायरल वीडियो में मुस्लिम पहचान से जुड़े हिजाब जैसे परिधान में छात्राओं को कथित तौर पर आपत्तिजनक गीतों पर नृत्य करते हुए दिखाया गया है। आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ कोचिंग संस्थान द्वारा संचालित छात्र-छात्राओं के हॉस्टल की वैधता, पंजीकरण, अनुमति, अग्नि सुरक्षा, भवन एवं अन्य निर्धारित मानकों की भी जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही कोचिंग संचालन के निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन की जांच का भी आग्रह किया गया है।

धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप

सैफ अली खान ने कहा कि वायरल वीडियो ने समाज के एक बड़े वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों की गरिमा, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यदि किसी प्रकार का नियम उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।

नियमों का पालन करने की मांग

बिहार संगठन प्रभारी महासचिव फैयाज हुसैन ने कहा कि शिक्षा के नाम पर संचालित संस्थानों को निर्धारित नियम-कानून का पालन करना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में बिहार संगठन प्रभारी महासचिव फैयाज हुसैन, प्रदेश महासचिव रहमत अली एवं जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान शामिल रहे।

Share:

Comments

Leave a comment