अररिया में दीपावली पर आगजनी: पटाखों की चिंगारी से करोड़ों का नुकसान
अररिया में पटाखों की चिंगारी से कई इलाकों में भीषण आग लगी। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने रात भर मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

अररिया जिले में दीपावली का उल्लास अचानक मातम और तबाही में बदल गया। आतिशबाजी और पटाखों की चिंगारी के कारण अररिया में दीपावली पर आगजनी की कई बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिससे जिले के विभिन्न हिस्सों में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। स्थिति इतनी गंभीर थी कि फायर ब्रिगेड की टीमों को पूरी रात अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा संभालना पड़ा।
जोगबनी और फारबिसगंज में मची भारी तबाही
आगजनी की घटनाओं की शुरुआत जोगबनी से हुई, जहां धर्मशाला चौक के पास एक प्रतिष्ठान में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं, फारबिसगंज में प्रसिद्ध कारोबारी मूलचन्द गोलछा के घर और गोदाम परिसर में रखे लकड़ी के ढेर में पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। इस घटना को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बाजारों और व्यावसायिक केंद्रों में भी धू-धू कर जले प्रतिष्ठान
शहर का व्यस्त इलाका और किराना मंडी के रूप में प्रसिद्ध माणिक चन्द रोड छुआपट्टी में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के बगल में भी आगजनी की घटना हुई। इसके अलावा, फारबिसगंज मार्केटिंग यार्ड के पास देर रात दुकानों में लगी आग ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। सुल्तान पोखर के बढ़ई पट्टी में तो स्थिति बेहद भयावह रही, जहां करीब छह दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। मटियारी और सुल्तान पोखर के पास भी आतिशबाजी के कारण आग लगने की खबरें मिलीं, जहां अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
आगजनी की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार और जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार प्रसाद सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्वयं घटनास्थल पर रहकर राहत कार्यों का जायजा लिया और आग बुझाने के प्रयासों की निगरानी की।
"अधिकांश जगहों पर आगजनी की घटना पटाखे और आतिशबाजी के कारण हुई है। लोगों को चाहिए कि वे जीवन के उल्लास को बचाने के लिए सावधानी बरतें और पर्व को संयम व शांति के साथ मनाएं। आग बुझाने के बाद प्रशासन नुकसान की भरपाई तो करता है, लेकिन जो संपत्ति जलकर राख हो गई, उसकी भरपाई नहीं हो पाती।"
— डॉ. अशोक कुमार प्रसाद, जिला अग्निशमन पदाधिकारी
अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशासन ने अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आग पर काबू पाया, हालांकि इस घटना में लाखों-करोड़ों का नुकसान हुआ है। वहीं, एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने कहा कि दीपावली को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय था और नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था, जिसके कारण सूचना मिलते ही टीमें तुरंत मौके पर पहुंच सकीं।