अररिया में डीएम ने किया नदियों का निरीक्षण, सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे

अररिया 10 सितंबर (हि.स.)। डीएम विनोद दूहन ने जिले से होकर बहने वाली प्रमुख नदियों परमान, बकरा एवं नूना नदी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदियों के वर्तमान जलस्तर, तटबंधों एवं कटाव की स्थिति का जायजा लिया गया।
सभी नदियों का जलस्तर वर्तमान में सामान्य स्थिति में होने तथा जलस्तर में किसी प्रकार की असामान्य वृद्धि नहीं पाई गई। तीनों नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे दर्ज किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, पूर्णिया को सभी संबंधित नदियों के जलस्तर एवं तटबंधों की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। वर्तमान जलस्तर के अनुसार अररिया स्थित परमान नदी अपने खतरे के निशान 47.00 मीटर से 1.27 मीटर नीचे, जोकीहाट स्थित कनकई नदी खतरे के निशान 46.94 मीटर से 1.34 मीटर नीचे तथा सिकटी स्थित बकरा नदी खतरे के निशान 61.40 मीटर से 1.56 मीटर नीचे बह रही है।
उक्त तीनों नदियों का जलस्तर वर्तमान में घटती हुई अवस्था में है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।