अररिया में डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 157 फरियादी, सुनी गई समस्याएं

अररिया 11 सितम्बर (हि.स.)। समाहरणालय परिसर स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन के जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 157 फरियादी पहुंचे जिनकी फरियाद ध्यान से सुनी गई। जिला पदाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रमुख मामले और आवेदन
जनता दरबार में ठेंगापुर, जोकीहाट निवासी मोहम्मद इसराइल ने मृतक परिजन के लिए मुआवजा भुगतान को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। जदिया, सुपौल निवासी बंधु ऋषिदेव ने सड़क दुर्घटना में पुत्र की मृत्यु के बाद मुआवजा राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।
भूमि और अन्य समस्याएं
अररिया निवासी राजेश यादव ने भूमि विवाद से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन दिया। फारबिसगंज निवासी काशीनाथ प्रसाद ने भूमि अधिग्रहण के एवज में उचित मुआवजा भुगतान कराने की मांग की। इसके अलावा फारबिसगंज निवासी रंजीतकांत झा ने योजना में आवासीय दर्शायी गई जमीन को व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित किए जाने का अनुरोध किया।
अन्य फरियादी और निर्देश
छब्बी ऋषिदेव, सदानंद ऋषिदेव, बेचन ऋषिदेव और युगल पासवान सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिला पदाधिकारी ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित करते हुए मामलों की निष्पक्ष जांच और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन का निर्देश दिया।