अररिया में बुजुर्ग दंपति ने लिया मरणोपरांत देह दान का संकल्प, समाज के लिए बना मिसाल

अररिया में एक बुजुर्ग दंपति ने मरणोपरांत देह दान करने का बड़ा फैसला लिया है। दधीचि देहदान समिति के जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल की पहल पर अवकाश प्राप्त बैंक अधिकारी और प्रकाश टोयोटा एवं प्रकाश बजाज के चेयरमैन रामप्रकाश प्रसाद ने अपनी पत्नी प्रभा प्रसाद के साथ यह संकल्प लिया है। इस फैसले से जुड़े मुख्य बिंदु नीचे दिए गए हैं:
- बुजुर्ग दंपति ने अपनी सहमति का संकल्प पत्र जिलाध्यक्ष को सौंप दिया है।
- समिति के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद सहित कई पदाधिकारियों ने इस परिवार को बधाई दी है।
- दंपति के बेटे विजय प्रकाश प्रिंस ने इसे अपने लिए भावुक पल बताया है।
जिलाध्यक्ष को इस आशय का संकल्प पत्र बुजुर्ग दंपत्ति द्वारा समर्पित किया गया है। इस संकल्प पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, प्रदेश महासचिव पद्मश्री विमल जैन सहित पूरी समिति के संरक्षकगण और पदाधिकारियों ने संकल्पबद्ध परिजनों को साधुवाद दिया है। प्रसाद के पुत्र विजय प्रकाश प्रिंस ने कहा कि सच में यह संकल्प लेना बहुत ही बड़ी बात है, लेकिन उन्हें गर्व है कि वो ऐसे माता-पिता की संतान हैं, जिन्होंने जीते जी तो सदैव परोपकार के लक्ष्य को पूरा किया ही, साथ ही अपने मरणोपरांत भी परोपकार को ध्यान में रखकर यह संकल्प लिया है। मेरे लिए यह काफी भावुक पल है फिर भी मैं माता-पिता की इच्छा के सामने नतमस्तक हूं।
समिति के सदस्यों ने की सराहना
समिति के संरक्षक बछराज राखेचा, मांगी लाल गोलछा, विनोद सरावगी, सीताराम भगत, इंजीनियर आयुष अग्रवाल राहुल ठाकुर, राजकुमार लड्ढा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष पंकज नाहटा और चक्षुदान समिति के प्रदेश प्रभारी आशीष गोलछा ने कहा कि प्रकाश बाबू और उनकी धर्मपत्नी के इस पुनीत संकल्प की जितनी भी तारीफ की जाय, वह कम होगी और दूसरों के लिए अनुकरणीय भी होगी। देहदान से मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र चिकित्सा पद्धति में नए शोध करने में सफल होंगे।