अररिया: फारबिसगंज में खुदरा खाद विक्रेताओं ने हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी, जानें क्या है पूरा मामला

अररिया में फारबिसगंज अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण इलाकों के खाद विक्रेताओं ने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल कुमार को आवेदन देकर हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। इस मामले को लेकर खाद विक्रेताओं ने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और बताया कि वे सभी खुदरा खाद, बीज और कीटनाशक के विक्रेता हैं।
खाद और ढुलाई की लागत
विक्रेताओं ने बताया कि रैक प्वाइंट से यूरिया उन्हें 320 से 330 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है। रैक प्वाइंट से गंतव्य स्थान तक ले जाने में प्रति बैग 44 रुपये और पांच रुपये लोडिंग-अनलोडिंग का खर्च लगता है। इसी तरह डीएपी रैक प्वाइंट से 1650 से 1700 रुपये में उपलब्ध होता है और गंतव्य स्थान तक ले जाने में प्रति बैग 44 रुपये और पांच रुपये लोडिंग-अनलोडिंग की अतिरिक्त राशि लगती है।
सरकार की तय दर और व्यवसायिक समस्या
सरकार का निर्देश है कि यूरिया 266 रुपये प्रति बैग और डीएपी 1350 रुपये प्रति बैग की दर से बेचा जाना चाहिए। विक्रेताओं का कहना है कि यह व्यवसायिक दृष्टिकोण से संभव ही नहीं है, इसलिए वे लोग हड़ताल पर जाने को विवश हैं। मौके पर राधा कृष्ण ट्रेडर्स, मां खाद बीज भंडार, कनिष्का खाद बीज भंडार, जिशान ट्रेडर्स, शिवम खाद बीज भंडार, आदित्य खाद बीज भंडार, सिम्मी ट्रेडर्स, अम्बे फर्टिलाइजर्स, अबुलेस ट्रेडर्स, कृष्णा फार्मा फर्टिलाइजर्स, जुनैद फर्टिलाइजर्स, मनोज खाद बीज भंडार, ममता कृषि उद्यमी सेवा केंद्र, डाबी ट्रेडर्स सहित दर्जनों प्रतिष्ठान के मालिक मौजूद थे।