छठ की खरीदारी के लिए अररिया में उमड़ा जनसैलाब, देखें क्या हैं फलों के भाव

अररिया और फारबिसगंज के बाजारों में छठ पूजा की सामग्रियों के लिए भारी भीड़ उमड़ी है। जानें क्या हैं फलों और पूजन सामग्री के ताज़ा भाव।

Ghazala Saheb14 November 20262 min read0 viewsBihar
छठ की खरीदारी के लिए अररिया में उमड़ा जनसैलाब, देखें क्या हैं फलों के भाव

लोक आस्था का महापर्व छठ नजदीक आते ही बिहार के अररिया जिले में उत्सव का माहौल है। अररिया जिला मुख्यालय समेत फारबिसगंज के बाजारों में छठ की सामग्रियों की खरीदारी के लिए खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है।

सड़कों पर जाम और पुलिस की मशक्कत

बाजारों में बढ़ती भीड़ का असर यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। अररिया के चांदनी चौक और जीरो माइल के पास सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। वहीं, फारबिसगंज के फैंसी मार्केट, फुलवड़िया हाट और सुभाष चौक पर खरीदारों के दबाव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

हालांकि, छठ पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक व्यवस्था की है, लेकिन लगातार लग रहे जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारी और जवानों को काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

पूजन सामग्री के ताज़ा भाव

छठ व्रतियों में इस बार खरीदारी को लेकर काफी उत्साह है। व्रतियों ने बताया कि इस बार महंगाई का ज्यादा असर नहीं दिख रहा है और सामग्री की कीमतें पिछली बार के आसपास ही हैं। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख सामग्रियों के भाव कुछ इस प्रकार हैं:

  • बड़ी टोकरी: ₹300 प्रति पीस
  • संतरा: ₹100 में डेढ़ किलो
  • सेब: ₹120 प्रति किलो
  • नारियल: ₹140 प्रति जोड़ा
  • खीरा: ₹80 प्रति किलो
  • शकरकंद: ₹60 प्रति किलो
  • मिट्टी का चूल्हा: ₹250 प्रति पीस
  • केला: ₹1500 प्रति घानी

व्रती योगेश मंडल, श्रवण कुमार और सरिता देवी के अनुसार, सामान की कीमतें वाजिब हैं, जिसके कारण लोग दूर-दराज के इलाकों से भी बाजार पहुंच रहे हैं।

दुकानदारों की बदलती तस्वीर

जहां एक ओर खरीदारों में उत्साह है, वहीं दुकानदारों के अनुभव थोड़े अलग हैं। दुकानदार बबलू कुमार, सुरेश कुमार और अमरेश कुमार ने बताया कि इस बार की दुकानदारी पिछली बार जैसी नहीं रही है।

दुकानदारों का कहना है कि अब ग्रामीण इलाकों के हाट-बाजारों में भी छठ की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इस वजह से ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों की संख्या में थोड़ी कमी आई है और अब ज्यादातर शहर के लोग ही खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment