डीएम के जनता दरबार में शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रधान शिक्षिका और शिक्षक निलंबित

Ghazala Saheb2 September 20261 min read148 viewsBihar
डीएम के जनता दरबार में शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रधान शिक्षिका और शिक्षक निलंबित

अररिया में जिलाधिकारी के जनता दरबार में मिली शिकायत के आधार पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। फारबिसगंज प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, गढ़ही टोला की प्रधान शिक्षिका और एक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। विद्यालय की मॉनिटरिंग में लापरवाही के कारण संबंधित प्रखंड साधन सेवी का वेतन भी अगले आदेश तक रोक दिया गया है।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा

प्राथमिक विद्यालय, गढ़ही टोला से जुड़ी शिकायत मिलने पर जिला पदाधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यों की जांच टीम बनाई गई थी। इस टीम ने 25 अगस्त को स्कूल जाकर जांच की थी। जांच के दौरान एमआईएस पोर्टल पर 208 छात्रों की हाजिरी दर्ज थी, जबकि स्कूल में सिर्फ 158 छात्र ही मौजूद मिले। इसके अलावा मिड-डे मील की क्वालिटी, हाजिरी रजिस्टर और रिकॉर्ड रखने में भी गड़बड़ी पाई गई।

शिक्षक बिना छुट्टी के मिले अनुपस्थित

जांच के दौरान स्कूल के शिक्षक पीयूष कुमार के कई दिनों तक बिना छुट्टी के गायब रहने की बात भी सामने आई। शिक्षक से पूछे गए स्पष्टीकरण का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की प्रधान शिक्षिका शालू कुमारी को निलंबित कर दिया और उनका मुख्यालय बीआरसी फारबिसगंज तय किया। इसी तरह शिक्षक पीयूष कुमार को भी निलंबित कर उनका मुख्यालय बीआरसी भरगामा तय किया गया है। स्कूल की देखरेख में लापरवाही बरतने पर फारबिसगंज प्रखंड के साधन सेवी का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

Share:

Comments

Leave a comment