बिहार के अररिया में वज्रपात से तीन की मौत, तीन घायल

Ghazala Saheb9 September 20261 min read10 viewsBihar
बिहार के अररिया में वज्रपात से तीन की मौत, तीन घायल

बिहार में अररिया जिले के तरोना भोजपुर पंचायत के औरैयाबाड़ी गांव में बुधवार शाम को वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य वज्रपात की चपेट में आने से झुलसकर घायल हो गए। मृतकों में 50 वर्षीय शनिचरा भगत, 48 वर्षीय वीरेन भगत और 30 वर्षीय कन्हैया भगत शामिल हैं और तीनों मृतक एक ही गांव के निवासी थे।

घटना की पूरी जानकारी

मृतक के परिजन गिरानंद भगत ने बताया कि बुधवार की शाम को अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान ही सभी लोग खेत में चर रहे अपने पशुओं को वापस लाने के लिए खेतों की ओर गए थे और पशुओं को लेकर वापस घर की ओर लौट रहे थे कि इसी बीच वज्रपात की चपेट में सभी छह लोग आ गए। इनमें से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए जबकि तीन अन्य आंशिक रूप से घायल हुए। गंभीर रूप से घायल तीनों को स्थानीय लोगों और परिजनों के सहयोग से अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन आंशिक रूप से घायल लोगों का इलाज गांव में ही चल रहा है।

प्रशासन और पुलिस का बयान

आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर टीम भेजी गई है। टीम घटना की जानकारी जुटा रही है और आपदा विभाग की ओर से पीड़ित परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी। ताराबाड़ी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि सभी लोग पशु लाने के लिए बारिश के दौरान घर से निकले थे और इसी दौरान वज्रपात की चपेट में छह लोग आ गए जिनमें तीन की मौत हो गई है, जबकि अन्य तीन घायल खतरे से बाहर हैं और घर पर ही उनका इलाज चल रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment