अररिया में महावीरी झंडा शोभायात्रा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ढाई सौ से अधिक पुलिस अधिकारी तैनात

अररिया में महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त रही। सुबह से ही सभी चौक चौराहों पर पुलिस जवानों सहित महिला बलों को तैनात किया गया था। एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ पंकज कुमार और थानाध्यक्ष मनोज कुमार लगातार जुलूस मार्ग पर नजर बनाते हुए गश्त करते रहे। विभिन्न मंदिरों के साथ चौक चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, मंदिर, मस्जिद और मुस्लिम बस्तियों में भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती रही।
महावीरी झंडा शोभायात्रा में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर एक हजार पुलिस बल, ढाई सौ से अधिक पुलिस पदाधिकारी, छह डीएसपी और दो सौ चौकीदार के साथ बीएमपी के जवानों को तैनात किया गया। अररिया जिला के सभी थानों के पुलिस पदाधिकारियों के साथ किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार के बिहार पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों के साथ सुपौल जिला के बीरपुर से बीएमपी के जवानों की तैनाती रही। फारबिसगंज में दिनभर मुख्य मार्ग समेत अन्य स्थानों पर पुलिस अधिकारियों की गश्ती जारी रही।
खुद जुलूस के आगे-आगे एसडीएम अभय कुमार तिवारी और एसडीपीओ पंकज कुमार अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ पूरे रूट में पैदल भ्रमण कर विधि व्यवस्था की निगरानी में तल्लीन दिखे। जुलूस की निगहबानी ड्रोन कैमरा और नगर परिषद की ओर से लगे सीसीटीवी कैमरा से किया गया। शोभायात्रा जुलूस को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चाक-चौबंद इंतजाम किए गए।
डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार जिला मुख्यालय में सीसीटीवी कैमरा से जुलूस पर निगरानी बनाए हुए रहे। सौ से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी, जुलूस के आगे एवं पीछे तथा समानांतर मजिस्ट्रेट तैनात थे।