अररिया की परमान नदी में बनेगा डॉल्फिन व्यू प्वाइंट और इको टूरिज्म प्लेस, डीएम ने दिए निर्देश

Ghazala Saheb29 August 20261 min read21 viewsBihar
अररिया की परमान नदी में बनेगा डॉल्फिन व्यू प्वाइंट और इको टूरिज्म प्लेस, डीएम ने दिए निर्देश

अररिया जिला में बहने वाली परमान नदी के मीरगंज घाट एवं त्रिशूलिया घाट पर गांगेय डॉल्फिन को देखने के लिए डॉल्फिन व्यू प्वाइंट का निर्माण किया जाएगा। इस इलाके को इको टूरिज्म प्लेस के रूप में विकसित किया जाएगा। इसको लेकर डीएम विनोद दूहन ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने एवं राष्ट्रीय गंगा समिति को सूचित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश डीएफओ को दिया है।

डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की शनिवार को बैठक हुई जिसमें यह निर्देश दिया गया। बैठक में नदियों के पर्यावरणीय प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत उपशमन एवं जल का सतत एवं पर्याप्त प्रवाह सुनिश्चित करने के साथ नदियों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण को लेकर समीक्षा की गई।

बैठक में नदियों की सफाई और जल गुणवत्ता की जांच से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला पदाधिकारी द्वारा एकल उपयोग प्लास्टिक की बिक्री पर रोक लगाने एवं थोक विक्रेताओं को चिन्हित कर दंडित करने तथा इस संबंध में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने जोगबनी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सहायक अभियंता के माध्यम से जाल से संबंधित प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। सभी ईओ नगर परिषद एवं पंचायत क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन नियमावली का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया तथा नदियों के जल की गुणवत्ता की जांच प्रत्येक माह कराने को कहा गया।

Share:

Comments

Leave a comment