अररिया के आंगनबाड़ी केंद्रों पर राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बांटी गई माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट

Ghazala Saheb16 September 20261 min read8 viewsBihar
अररिया के आंगनबाड़ी केंद्रों पर राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बांटी गई माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट

अररिया में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रों पर गर्म पका भोजन वितरण, भोजन की गुणवत्ता की जांच, हाथ धोने की विधि और स्वच्छता के साथ भोजन परोसने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कविता कुमारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने नरपतगंज परियोजना के अंतर्गत केंद्र संख्या 339 और केंद्र संख्या 163 का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों को पोषण शपथ दिलाई। इसके साथ ही केंद्रों पर गोदभराई और अन्नप्राशन जैसे पारंपरिक व पवित्र रस्मों को भी कराया गया।

सामग्री का वितरण और प्रदर्शन

किशोरियों के बीच व्यक्तिगत साफ-सफाई को बढ़ावा देने के लिए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट और बच्चो के बीच पैंसिल बॉक्स और बॉल का भी वितरण किया गया। नरपतगंज की सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं ने इस मौके पर पोषण थाली का प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को भोजन में विविधता शामिल करने की जानकारी दी गई। केंद्र परिसरों में पोषण से संबंधित रंगोलियां बनाई गईं, जो लोगों के बीच आकर्षण और जागरूकता का मुख्य केंद्र रहीं।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

जागरूकता अभियान और कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव, जिला मिशन समन्वयक सोहेब रूमी और प्रखंड समन्वयक दीपक कुमार सहित सभी संबंधित केंद्रों की सेविका एवं सहायिका तथा कई गणमान्य लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Share:

Comments

Leave a comment