अररिया ई-रिक्शा हादसा: कार की टक्कर से 6 बच्चे घायल, दो की हालत नाजुक
अररिया में एक भीषण ई-रिक्शा हादसा हुआ है, जहाँ तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में ड्राइवर और 6 बच्चे घायल हुए हैं।

अररिया: अररिया में एक दर्दनाक ई-रिक्शा हादसा हुआ है, जिसमें स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एनएच 327ई पर बिजली ऑफिस के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक और छह स्कूली बच्चे बुरी तरह जख्मी हो गए हैं।
सदर अस्पताल में घायलों का उपचार, दो को रेफर किया गया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
कार चालक फरार, स्कूल की सुरक्षा पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा कई मीटर दूर जाकर पलट गया और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि घायल सभी बच्चे अररिया जीरो माइल स्थित अल गजाली इंटरनेशनल स्कूल के छात्र हैं।
इस घटना के बाद निजी स्कूलों द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ई-रिक्शा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने इस बात पर चिंता जताई है कि क्या इन वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं?