अररिया में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, भाजपा ने दी जानकारी

Ghazala Saheb12 September 20263 min read12 viewsBihar
अररिया में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, भाजपा ने दी जानकारी

अररिया में 12 सितंबर को भाजपा की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी गई। सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा को समर्पित होगा और इसके दौरान 2047 तक विकसित भारत निर्माण का संकल्प लिया जाएगा। सर्किट हाउस में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नरपतगंज विधायक देवयंती यादव, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, जिला महामंत्री आकाश राज, जिला प्रवक्ता राजू कुमार साह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित है अभियान

भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा का दायित्व संभाला था और 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने गरीब, किसान, महिला, युवा तथा समाज के वंचित वर्गों के कल्याण और राष्ट्र के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। अभियान के तहत बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे तथा दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं राष्ट्र समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इस अवसर पर 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।

विशाल मशाल जुलूस और जनप्रतिनिधि सम्मेलन की तैयारी

सेवा संकल्प अभियान के दौरान देश के सभी जिलों में विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा। अररिया जिले में भी सभी मंडलों से भाजपा कार्यकर्ता मशाल लेकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले विशाल मशाल जुलूस में शामिल होंगे। अभियान के अंतर्गत पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक के जनप्रतिनिधियों एवं जनसेवकों का एक विशाल सम्मेलन आयोजित करने की भी तैयारी चल रही है जिसमें देशभर से लगभग सवा लाख जनसेवकों के शामिल होने की परिकल्पना की गई है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं और आंगन का उत्सव का होगा आयोजन

अभियान के तहत विद्यालयों में 2047 का मेरा भारत विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालय स्तर से लेकर जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिताओं एवं प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। आंगन का उत्सव के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर मोदी सरकार की पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी और बेहतर सेवा प्रदान करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।

सेवा सेतु और सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत होंगे आयोजन

सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में सरकार आपके द्वार की भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आम लोगों की समस्याओं को सुनने, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा और जिले में विशेष रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का कार्यक्रम मात्र नहीं, बल्कि उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है।

Share:

Comments

Leave a comment