अररिया में बड़ी कार्रवाई: 111 ग्राम स्मैक और सवा दो लाख नकदी के साथ हीरा और गुड्डू गिरफ्तार

अररिया नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 111 ग्राम स्मैक और सवा दो लाख रुपये नकद के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने शाहबाज आलम उर्फ हीरा और उसके साथी हिदायतुल्ला उर्फ गुड्डू को रंगेहाथ दबोचा।
प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि गैयारी वार्ड संख्या 13 स्थित घर में स्मैक का कारोबार किया जाता है। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
छापेमारी और बरामदगी
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधान के तहत शाहबाज आलम उर्फ हीरा के घर छापेमारी की गई। घर की तलाशी लेने पर 111.01 ग्राम स्मैक, दो लाख 25 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल बरामद किए गए।
मामला दर्ज
इस मामले को लेकर नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।