अररिया में बड़ी कार्रवाई: वाहन चेकिंग के दौरान कार से 817 ग्राम स्मैक बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Ghazala Saheb1 September 20262 min read23 viewsBihar
अररिया में बड़ी कार्रवाई: वाहन चेकिंग के दौरान कार से 817 ग्राम स्मैक बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

अररिया जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान एक हुंडई कार से 817 ग्राम स्मैक बरामद किया है और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता बैरगाछी थाना क्षेत्र के अजमतपुर खुशबू राइस मिल के पास एनएच 327 ई दक्षिणी लेन पर मिली। इस कार्रवाई के दौरान मौके से दो अन्य लोग भागने में कामयाब रहे।

प्रेस वार्ता में एसपी ने दी जानकारी

अररिया के एसपी जितेन्द्र कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में इस मामले की पूरी जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जोकीहाट से अररिया की तरफ एक सफेद रंग की हुंडई ग्रांड आई 10 कार नंबर जेएच 01 ईवाई 4518 आ रही है, जिसमें सवार लोगों के पास स्मैक की बड़ी खेप है। इस सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत बैरगाछी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान दो आरोपी फरार

वाहन चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो उसमें सवार तीन लोग भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस बल ने खदेड़कर उनमें से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य लोग मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए युवक की पहचान सुपौल जिला के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित तराही भवानीपुर वार्ड संख्या 2 निवासी मो. नौमान खान के 20 वर्षीय पुत्र मो. नौवेद खान के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने एनडीपीएस मामलों के एसओपी का पालन करते हुए हुंडई कार और पकड़े गए युवक की तलाशी ली, जिससे 817 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने स्मैक के साथ-साथ कार को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में बैरगाछी थाना में कांड संख्या 113/26 के तहत धारा 8(सी), 21(सी), 25 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में एसआई ज्वाला प्रसाद सिंह, एएसआई संतोष कुमार सिंह, पीटीसी गोविंद खोजवार, सिपाही अंकित कुमार, रामप्रसाद पासवान और होमगार्ड के जवान रामेश्वर मंडल व मिश्रीलाल मंडल शामिल थे।

Share:

Comments

Leave a comment