अररिया में एनएच 27 पर पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को किया गिरफ्तार, 103 ग्राम स्मैक और नगद बरामद

अररिया आरएस थाना पुलिस ने शनिवार को एनएच 27 फोरलेन सड़क पर टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए एक अपाचे बाइक पर सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 103.21 ग्राम स्मैक, एक अपाचे मोटरसाइकिल संख्या बीआर 38 एन 8838, दो मोबाइल और 13 हजार पांच सौ रूपये बरामद किए। शनिवार देर शाम सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी।
पुलिस कार्रवाई और बरामदगी
सदर एसडीपीओ ने बताया कि आरएस थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अररिया से फारबिसगंज की ओर एक अपाचे बाइक पर सवार युवकों द्वारा स्मैक की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम का गठन कर एनएच 27 टोल प्लाजा के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, जिसे पुलिस टीम ने खदेड़कर पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान और मामला दर्ज
पकड़े गए युवकों की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिण पंचायत वार्ड संख्या एक के 35 वर्षीय मो. अरशद और नरपतगंज थाना क्षेत्र के कुड़ैली वार्ड संख्या चार निवासी 30 वर्षीय मो. आजाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 103.21 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल और 13 हजार 500 रूपये नगद बरामद किए गए। मामले को लेकर आरएस थाना में कांड संख्या 217/26 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में आरएस थानाध्यक्ष अंकुर कुमार, एसआई विजय कुमार, सौदागर कुमार, सुमित कुमार और आरएस थाना के रिजर्व पुलिस बल के जवान मौजूद थे।