अररिया एसपी ने तीन थानाध्यक्षों को किया लाइन हाजिर, दस पुलिसकर्मी पुरस्कृत और कई से स्पष्टीकरण मांगा

अररिया में एसपी जितेन्द्र कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन थानाध्यक्षों को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, बेहतरीन कार्य के लिए दस पुलिस अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया है, जबकि एक दर्जन से अधिक थानाध्यक्षों से स्पष्टीकरण पूछा गया है। यह जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने दी है।
लापरवाही पर थानाध्यक्षों पर कार्रवाई
एसपी ने सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार, सोनामनी गोदाम थानाध्यक्ष चंदन कुमार और बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू को कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में लाइन हाजिर किया है। इन तीनों थानाध्यक्षों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई है।
उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
जिले के दस पुलिसकर्मियों को बेहतरीन कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है। पुरस्कृत होने वालों में फारबिसगंज थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी मुकेश कुमार, जोकीहाट एसएचओ राजीव कुमार झा, फारबिसगंज अंचल के इंस्पेक्टर घन प्रसाद, बैरगाछी के एसएचओ नवदीप गुप्ता, आरएस एसएचओ अंकुर कुमार, कुर्साकांटा एसएचओ रोहित कुमार, बैरगाछी अपर एसएचओ ज्वाला प्रसाद, बसमतिया एसएचओ सुनील कुमार, फुलकाहा एसएचओ विकाश कुमार मौर्य और डीआईयू प्रभारी शामिल हैं।
कई थानों के प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया
कम मामलों के निष्पादन और तीन गुना से अधिक कांड लंबित रखने पर फारबिसगंज, अररिया, सिकटी, महिला, रानीगंज, कुआड़ी, फुलकाहा, जोगबनी,नरपतगंज, भरगामा और घूरना थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। मादक पदार्थों की बरामदगी संतोषजनक नहीं होने पर अररिया, रानीगंज, बौसी, महलगांव, ताराबाड़ी, भरगामा,नरपतगंज, फारबिसगंज और सिमराहा थानाध्यक्ष से शो कॉज किया गया है। इसके अलावा एनबीडब्ल्यू, इश्तेहार और कुर्की के मामले में कम निष्पादन पर फारबिसगंज, अररिया, रानीगंज, नरपतगंज और सिकटी थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया है。