अररिया में एसटीएफ और पुलिस की छापेमारी, हथियार और बम बनाने का सामान बरामद, एक गिरफ्तार

Ghazala Saheb1 September 20261 min read20 viewsBihar
अररिया में एसटीएफ और पुलिस की छापेमारी, हथियार और बम बनाने का सामान बरामद, एक गिरफ्तार

अररिया जिला पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से फारबिसगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार और बम बनाने का सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य लोग भागने में सफल रहे। यह जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस को सूचना मिली थी कि हरिपुर वार्ड संख्या चार में मुर्शीद और खुर्शीद दोनों भाई के द्वारा बम बनाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ के सहयोग से पुलिस टीम ने हरिपुर वार्ड संख्या चार स्थित एक घर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चार देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, दो खाली खोखा, तीन सौ ग्राम बारूद, शीशा का टुकड़ा, रेती, सुतरी, पिलाश और लोहे का पाइप सहित बम बनाने का सामान बरामद किया गया।

भाग रहे आरोपी की गिरफ्तारी

छापेमारी के दौरान पीछे से एक व्यक्ति भाग रहा था, जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम खुर्शीद बताया है। एसपी ने बताया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य लोग भागने में कामयाब रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। गिरफ्तार अपराधी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment