अररिया के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में डीएम ने किया विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ

Ghazala Saheb25 August 20261 min read26 viewsBihar
अररिया के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में डीएम ने किया विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ

अररिया में मंगलवार को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस क्रम में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी विनोद दूहन ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं संस्थान के प्राचार्य डॉ. ठाकुर संजय कुमार उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया। शिविर में विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने, शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा अधिकतम 30 दिनों के भीतर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। शिकायत दर्ज कराने के लिए कियोस्क के माध्यम से कंप्यूटर, प्रिंटर एवं इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी।

जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, अभियंत्रण महाविद्यालयों, चिकित्सा महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पारा मेडिकल, नर्सिंग स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में भी विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी गई। इसमें विद्यार्थियों से कक्षा संचालन, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा संचालन एवं परीक्षाफल के समय पर प्रकाशन, अनधिकृत शुल्क की वसूली, कक्षाओं में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग तथा अन्य सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त की गई।

Share:

Comments

Leave a comment