अररिया में मिला महिला का संदिग्ध शव, धारदार हथियार के निशान देखकर हत्या की आशंका

Ghazala Saheb12 September 20261 min read7 viewsBihar
अररिया में मिला महिला का संदिग्ध शव, धारदार हथियार के निशान देखकर हत्या की आशंका

अररिया के आरएस थाना क्षेत्र में राजा पोखर के पास शनिवार को एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। रजोखर से चंद्रदेई जाने वाली सड़क किनारे शव को देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना आरएस थाना पुलिस को दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान आरएस सहनी टोला वार्ड संख्या चार निवासी विजय सहनी की 30 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी के रूप में हुई है।

परिजन और काम की जानकारी

परिजनों के मुताबिक, फूल कुमारी राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करती थी। शुक्रवार सुबह वह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक ने परिजनों को राजा पोखर के पास एक महिला का शव मिलने की जानकारी दी। महिला के हाथ पर गोदना से विजय सहनी और फूल कुमारी गोदा हुआ था।

पुलिस जांच और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान फूल कुमारी के रूप में की। परिजनों ने फूल कुमारी की हत्या की आशंका जताई है और उनका कहना है कि शव की गर्दन और पेट पर धारदार हथियार के वार के निशान दिख रहे हैं। घटना की सूचना पर आरएस थाना पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया और थानाध्यक्ष को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment