अखंड भारत: अरुण गोविल 23 अगस्त को तुलसी जयंती समारोह में आएंगे नवादा, जानिए पूरी खबर

नवादा, 21 अगस्त (हि.स.): तुलसी जयंती के पावन अवसर पर आगामी 23 अगस्त को मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंतीनगर, नवादा (बिहार) में भव्य तुलसी जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर छात्रों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
रामानंद सागर के रामायण फेम अरुण गोविल का होगा स्वागत
समारोह में रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता एवं मेरठ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल का नवादा की धरती पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
पाँच हजार विद्यार्थी करेंगे सामूहिक गायन
इस अवसर पर मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, नवादा के लगभग 5,000 छात्र-छात्राएँ एक साथ श्रीरामचरितमानस के ‘धनुष यज्ञ’ एवं ‘सीता स्वयंवर’ प्रसंग का सामूहिक संगीतमय गायन प्रस्तुत करेंगे। हजारों विद्यार्थियों की सामूहिक सहभागिता से आयोजित यह अनूठा सांस्कृतिक आयोजन तुलसीदास जी की अमर कृति रामचरितमानस के प्रति श्रद्धा और भारतीय संस्कृति की परंपरा को समर्पित होगा।
जिलावासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, नवादा की ओर से समस्त नवादा जिलावासियों से सादर अनुरोध किया गया है कि वे इस ऐतिहासिक तुलसी जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएँ तथा अरुण गोविल के स्वागत एवं अभिनंदन के इस विशेष अवसर के साक्षी बनें।