बक्सर में अरुण जेटली को दी गई श्रद्धांजलि, डुमरांव में नेताओं ने याद किए उनके कार्य

बक्सर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली की याद में नगर भवन सभागार में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरांव जदयू के पूर्व विधानसभा प्रभारी रवि उज्जवल कुशवाहा ने की। इस सभा में जदयू कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने स्व. जेटली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. अरुण जेटली को भारतीय राजनीति का सशक्त स्तंभ, कुशल अधिवक्ता और दूरदर्शी अर्थनीति विशेषज्ञ बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए जेटली ने देश की अर्थव्यवस्था में कई महत्वपूर्ण सुधार किए और जीएसटी लागू कराने, बैंकिंग सुधार तथा दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही।
वक्ताओं ने बताया कि जेटली ने रक्षा मंत्री और कॉर्पोरेट अफेयर्स मंत्री के रूप में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं और राज्यसभा में नेता विपक्ष के तौर पर संसदीय परंपराओं को मजबूत किया। इस सभा में यह निर्णय लिया गया कि दिसंबर महीने में स्व. अरुण जेटली की जयंती डुमरांव में बहुत बड़े स्तर पर मनाई जाएगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की भागीदारी होगी।