बगहा में अनोखी पहल: बेटी के जन्म पर अस्पताल में मिलेगा सम्मान पत्र

Ghazala Saheb31 August 20261 min read29 viewsBihar
बगहा में अनोखी पहल: बेटी के जन्म पर अस्पताल में मिलेगा सम्मान पत्र

पश्चिम चम्पारण के बगहा में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत एक नई और सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है। हरनाटांड़ परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केबीएन सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस योजना के तहत अस्पताल में जन्म लेने वाली नवजात बेटियों के माता-पिता को विशेष बधाई और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

बेटी से साकार होती है अच्छे समाज की कल्पना

विधायक सुरेंद्र प्रसाद ने इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेटी से ही घर परिवार और एक अच्छे समाज की कल्पना साकार होती है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केबीएन सिंह ने बताया कि बेटी का जन्म पूरे परिवार और समाज के लिए गौरव और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस पहल से समाज की रूढ़िवादी सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा क्योंकि बेटी किसी भी दृष्टि से अभिशाप नहीं बल्कि एक अमूल्य वरदान है। अस्पताल में बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाकर लैंगिक समानता का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नवजात बेटियों के माता-पिता को सम्मान पत्र भी सौंपे गए। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र काजी, बिट्टू काजी, राजकुमार महतो, अशोक महतो, प्रेमनाथ काजी, हरिहर महतो और पप्पू खतईत सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment