बगहा में विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने को लेकर विधायक से हुई खास चर्चा

Ghazala Saheb14 September 20261 min read7 viewsBihar
बगहा में विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने को लेकर विधायक से हुई खास चर्चा

पश्चिम चम्पारण के बगहा-2 प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में भौतिक संसाधनों की कमी, चहारदीवारी निर्माण, मिट्टी भराई, गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन तथा शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार को लेकर सोमवार की सुबह वाल्मीकिनगर के विधायक सुरेंद्र कुशवाहा से उनके आवास पर शिक्षा प्रतिनिधि रमेश प्रसाद मिश्र ने मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की है। शिक्षा प्रतिनिधि ने विधायक को बगहा-2 प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक भौतिक संसाधनों की उपलब्धता, चहारदीवारी की स्थिति, परिसर में मिट्टी भराई, बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता तथा पठन-पाठन की व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट कराया है।

विधायक का निर्देश

विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने विद्यालयों से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनका भौतिक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच की जाय और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा भी दिया है।

शिक्षा प्रतिनिधि का बयान

शिक्षा प्रतिनिधि रमेश प्रसाद मिश्र ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके सुरक्षित विकास की आधारशिला हैं। इसलिए विद्यालयों में संसाधनों की कमी, असुरक्षित परिसर, भोजन की गुणवत्ता अथवा शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य, स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। विधायक और मेरी प्रतिबद्धता है कि विद्यालयों की वास्तविक समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किया जाय। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शिकायत प्राप्त विद्यालयों का स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की रिपोर्ट तैयार की जायेगी, ताकि समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment