बगहा में बिना पैमाइश विद्यालय के खेल मैदान में बाउंड्री निर्माण का आरोप, प्रधानाध्यापक ने की रोक की मांग

पश्चिम चम्पारण के बगहा में नार्थ बिहार शुगर मिल्स +2 उच्च विद्यालय और मॉडल स्कूल नरईपुर के खेल मैदान की भूमि पर बिना सरकारी पैमाइश के बाउंड्री निर्माण कराये जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा को आवेदन देकर तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा सरकारी स्तर से भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन कराने की मांग की है।
प्रधानाध्यापक का आवेदन और आरोप
प्रधानाध्यापक द्वारा दिये गये आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय के खेल मैदान के लिए करीब पांच एकड़ भूमि उपलब्ध है, जो राज्यपाल, बिहार सरकार के नाम से निबंधित बतायी गयी है। आरोप है कि तिरूपति शुगर मिल्स, बगहा प्रबंधन द्वारा उक्त भूमि पर बिना सरकारी पैमाइश और सीमांकन के बाउंड्री दीवार का निर्माण कराया जा रहा है।
भविष्य में विवाद की आशंका
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बिना सरकारी स्तर पर भूमि की वास्तविक सीमा निर्धारित किये निर्माण होने से भविष्य में भूमि को लेकर विवाद उत्पन्न हो सकता है। साथ ही विद्यालय के खेल मैदान की भूमि के प्रभावित होने की भी आशंका जतायी गयी है।
राजस्व विभाग के अमीन से पैमाइश की मांग
प्रधानाध्यापक ने अनुमंडल पदाधिकारी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बाउंड्री निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगायी जाए तथा राजस्व विभाग के अधिकृत अमीन से भूमि की विधिवत पैमाइश एवं सीमांकन कराया जाए। इसके बाद ही संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य की अनुमति प्रदान की जाए।
दस्तावेजों की छायाप्रति संलग्न और प्रशासनिक जांच
विद्यालय प्रबंधन ने आवेदन के साथ संबंधित भूमि के खाता एवं खेसरा से जुड़े दस्तावेजों की छायाप्रति भी संलग्न की है। बताया जा रहा है कि बगहा एसडीएम के आदेश पर बगहा-2 के अंचलाधिकारी ने रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है, जिस पर निर्माण कार्य रूक गया है। अब इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर होने वाली जांच और भूमि की सरकारी पैमाइश के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।