मोकामा घुड़दौड़: पूर्वी चंपारण के 'बाली' ने मारी बाजी, सेमीफाइनल जीता
मोकामा की घुड़दौड़ प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पूर्वी चंपारण के घोड़े बाली ने पहला स्थान हासिल किया। भीड़ के कारण फाइनल मुकाबला नहीं हो सका।

मोकामा में आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण के घोड़े 'बाली' ने अपनी रफ्तार का लोहा मनवा दिया है। मोकामा घुड़दौड़ के इस सेमीफाइनल मुकाबले में बाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
सेमीफाइनल में दिखाया जबरदस्त दम
मोकामा के नदवां गांव में आयोजित इस प्रतियोगिता में बाली की लगाम वैशाली के अनुभवी राइडर अशोक यादव के हाथों में थी। अशोक और बाली के बीच मैदान पर जबरदस्त तालमेल देखने को मिला, जिसके दम पर उन्होंने अन्य सभी घोड़ों को काफी पीछे छोड़ दिया। बाली को लोग प्यार से 'बासा' के नाम से भी जानते हैं। इस घोड़े की मालकिन मधुबन प्रखंड की कौड़िया पंचायत की मुखिया मनोहारी देवी हैं।
भीड़ के कारण फाइनल मुकाबला नहीं हो सका
जानकारी के मुताबिक, यह प्रतियोगिता मोकामा के लदमा गांव में विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। इसमें बिहार समेत कई अन्य राज्यों से भी घोड़े और उनके घुड़सवार हिस्सा लेने पहुंचे थे। प्रतियोगिता देखने के लिए इतनी भारी भीड़ उमड़ पड़ी कि आयोजन स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के मद्देनजर आयोजकों को आगे की प्रतियोगिता स्थगित करनी पड़ी, जिस कारण बाली को फाइनल मुकाबला खेलने और अपनी जीत पर अंतिम मुहर लगाने का मौका नहीं मिल सका।
पहले भी दिखा चुका है रफ्तार का जलवा
बाली की यह उपलब्धि कोई पहली सफलता नहीं है। इससे पहले भी वह बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न मेलों और घुड़दौड़ प्रतियोगिताओं में अपनी रफ्तार का जादू दिखा चुका है। सेमीफाइनल में पहला स्थान हासिल कर बाली ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह एक बेहतरीन घुड़सवार साथी है। उसकी इस सफलता से पूरे पूर्वी चंपारण और देल्हो गांव में खुशी की लहर है।