पश्चिम चंपारण में बैंक हड़ताल से बैंकिंग व्यवस्था ठप, दो सौ करोड़ का कारोबार प्रभावित

पश्चिम चंपारण में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को बैंक अधिकारी और कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में लेनदेन और अन्य बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हुईं, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल की वजह से पश्चिम चंपारण जिले में लगभग दो सौ करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने का अनुमान लगाया गया है।
आंदोलनकारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे हड़ताल से बाहर रहे अधिकारियों को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और अन्य लंबित मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। बैंक अधिकारी शैलेश जायसवाल और रवि केसरी ने बताया कि पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनने के बावजूद दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इस पर अब तक अमल नहीं किया गया है।
बैंक कर्मियों ने न्यायसंगत पीएलआई और पेंशन अपडेटेशन समेत अपने सभी लंबित सेवा मामलों के शीघ्र निगोशिएशन और निस्तारण की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आईसीआईसीआई बैंक में भी कामकाज पूरी तरह बंद करा दिया। इस प्रदर्शन और हड़ताल के दौरान शैलेश जायसवाल, रवि केसरी, अनिल तिवारी, ओमप्रकाश मिश्रा, राजकुमार शुक्ला और राहुल कुमार सहित कई बैंक अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।