बक्सर में बीबीए कोर्स में नामांकन का आखिरी मौका, 1 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक खुला रहेगा पोर्टल

महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर में बीबीए यानी बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम की खाली सीटों पर नामांकन के लिए आखिरी मौका दिया गया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक ही पूरी की जाएगी और इसके बाद नामांकन पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
इस नामांकन के लिए वे ही विद्यार्थी पात्र माने जाएंगे जिन्होंने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और अपनी वरीयता सूची में महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर को पहली से दसवीं वरीयता तक चुना है। खाली सीटों पर यह नामांकन सीधे साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक विद्यार्थियों को तय समय से पहले महाविद्यालय पहुंचकर साक्षात्कार और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। महाविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि तय समय के बाद किसी भी नामांकन संबंधी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
बीबीए पाठ्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को फाइनेंस, मैनेजमेंट और बिजनेस के क्षेत्र में करियर के लिए तैयार किया जाता है। इस कोर्स में शैक्षणिक अध्ययन के साथ विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाता है।
विद्यार्थियों के विकास के लिए नियमित कक्षाओं के अलावा समय-समय पर सेमिनार, ओरिएंटेशन प्रोग्राम, वर्कशॉप और वार्षिक खेलकूद जैसी गतिविधियां कराई जाती हैं। कॉलेज प्रशासन ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का पूरा लाभ उठाएं।