बेतिया में दवा दुकानों पर एसडीएम का छापा, मचा हड़कंप

बेतिया शहरी क्षेत्र में कई दिनों से दवा दुकानों पर छापेमारी अभियान बंद था और दुकानदार अपनी दुकानें चला रहे थे। इन दुकानों पर नशीली दवाइयां, इंजेक्शन और पीने-सूंघने वाली दवाएं खुलेआम बेची जा रही थीं, जिन्हें नवयुवक नशे के रूप में इस्तेमाल करते हैं। अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने पर छापेमारी का निर्णय लिया गया।
प्रशासन की टीम ने शहर की दवा दुकानों पर कई घंटे तक जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के कारण बेतिया की कई दवा दुकानें बंद रहीं। जांच के दौरान दवाओं के स्टॉक, बिल कागजात और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार मीना बाजार स्थित सेहत दवाखाना पर छापेमारी की गई। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इस स्टोर से बिना बिल की और दो नंबर की दवाइयां सप्लाई की जा रही हैं। एसडीएम विकास कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें नगर थाना प्रभारी भी उपस्थित थे।
दुकान से दवाओं के सैंपल लिए गए और एसडीएम ने दुकानदार से दवा के आने और बेचने के सभी आवश्यक कागजात मांगे। एसडीएम ने कहा कि जांच में गड़बड़ी मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।