बेतिया में सनसनी: 8 दिन से लापता छात्र का मिला कंकाल

बिहार के बेतिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 8 दिनों से लापता छात्र का कंकाल बरामद हुआ है। यह मामला रामनगर थाना क्षेत्र के मेघवाल मथिया वार्ड नंबर 5 का है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्कूल से घर लौटते वक्त हुआ था गायब
मृतक की पहचान 13 वर्षीय सिद्धू खान के रूप में हुई है, जो मोहम्मद अमानुल्लाह खान का बेटा था। सिद्धू मथिया के सरकारी मध्य विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपनी किताबें रखकर घर के लिए निकला था, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटा।
कपड़ों के आधार पर हुई पहचान
सिद्धू के लापता होने के बाद उसके पिता ने रामनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और काफी खोजबीन भी की थी। आठ दिनों के बाद जब उसका कंकाल मिला, तो मौके पर मिले कपड़ों के आधार पर परिवार ने उसकी पहचान की।
पुलिस और एफएसएल की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य और सबूत जुटाने में जुटी है। रामनगर के एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने कहा कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फिलहाल मौत के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।