बेतिया में रोजगार मेले का सांसद और विधायक ने किया उद्घाटन, युवाओं को मिला रोजगार और नशामुक्ति का संकल्प

बेतिया में ईश्वर शांति महाविद्यालय झखरा के परिसर में मंगलवार को रोजगार मेला एवं पर्यावरण संरक्षण पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक नारायण प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। महाविद्यालय के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने अतिथियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंटकर स्वागत किया।
रोजगार मेला और युवाओं की भागीदारी
चेन्नई की कैरियर ट्री कंपनी की ओर से मेले में करीब 300 युवक-युवतियों को रोजगार का अवसर दिया गया। रोजगार मिलने की उम्मीद से बड़ी संख्या में युवा मेले में पहुंचे। युवाओं को रोजगार के साथ करियर निर्माण की जानकारी भी दी गई। सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालय में रोजगार मेला युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे स्थानीय युवाओं को घर के पास रोजगार मिलेगा।
नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
विधायक नारायण प्रसाद ने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा देश की ताकत हैं और उनके भविष्य के लिए शिक्षा, रोजगार तथा नशामुक्त वातावरण जरूरी है। महाविद्यालय के सचिव सत्येंद्र शरण ने बताया कि विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता भी हुई जिसमें चयनित प्रतिभागियों को कॉलेज फीस में 20 प्रतिशत छूट मिलेगी। पर्यावरण संरक्षण के तहत युवाओं को पौधरोपण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।