बेतिया में दुकान की आड़ में गांजा बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार, एक किलो से अधिक गांजा बरामद

बेतिया पुलिस जिला के लौरिया बंगाली चौक पर पान-गुटखा की दुकान की आड़ में गांजा बेचने की सूचना पर लौरिया पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से एक किलो 148 ग्राम गांजा बरामद किया और दुकानदार सुधन साह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
छापेमारी की पूरी जानकारी
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाली चौक स्थित पान-गुटखा की दुकान से चोरी-छिपे गांजा बेचा जा रहा है। सूचना के बाद दारोगा जयशल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी के लिए भेजी गई। इस टीम में सुग्रीव कुमार और अमिताभ नैन समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ वजन
पुलिस टीम ने नरकटियागंज मार्ग स्थित पारस साह के पुत्र सुधन साह की दुकान की तलाशी ली। इस दौरान दुकान में छिपाकर रखा हुआ गांजा बरामद हुआ। अंचल राजस्व अधिकारी सह मजिस्ट्रेट राहुल कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में बरामद गांजा का वजन कराया गया, जो एक किलो 148 ग्राम निकला।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद गांजा को जब्त कर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गुरुवार को भी क्षेत्र की कई दुकानों में जांच और छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के दुकानदारों में सतर्कता बढ़ गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अवैध कारोबार करने वाले दुकानदारों और कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।