भागलपुर के राघोपुर तटबंध पर गंगा का भीषण कटाव, मंत्रियों की पहल के बाद युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी

Ghazala Saheb3 September 20262 min read2 viewsBihar
भागलपुर के राघोपुर तटबंध पर गंगा का भीषण कटाव, मंत्रियों की पहल के बाद युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी

भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर में गंगा और कोसी नदियों के उफान के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। तटबंध का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से कई वार्डों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। स्थानीय विधायक और पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ग्राउंड जीरो पर कैंप कर रहे हैं।

मंत्री का निरीक्षण और निर्देश

मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने अधिकारियों के साथ मौके का मुआयना किया था। उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से गंगा की धारा के घूर्णन और दबाव की समीक्षा की और बांध की दरारों को तुरंत भरने का निर्देश दिया। मंत्री ने बताया कि पिछले 14 वर्षों में ऐसी विकराल कटाव की स्थिति नहीं आई थी। प्रभावित लोगों के लिए चापाकल, पॉलिथीन और अस्थाई शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। गोपालपुर-राघोपुर होते हुए प्रस्तावित मरीन ड्राइव योजना से इसका स्थायी समाधान निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासनिक हस्तक्षेप और राहत कार्य

स्थिति बिगड़ने पर पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र और ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने राज्य सरकार को त्राहिमाम संदेश भेजा। इसके बाद आपदा प्रबंधन और जल संसाधन विभाग के दो शीर्ष सचिवों डॉ. चंद्रशेखर सिंह समेत ने ग्राउंड जीरो पर डेरा डाला। तटबंध की मरम्मत के लिए खगड़िया और अन्य जिलों से 50 ट्रक मिट्टी, बालू और बोल्डर मंगाए गए, जो जाम में फंस गए थे। मंत्री ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से बात कर मार्ग सुगम कराया ताकि फ्लड फाइटिंग सामग्री समय पर पहुंचे। रात-दिन चले रेस्क्यू के बाद 350 मीटर क्षेत्र में एज प्रोटेक्शन का काम पूरा कर लिया गया है, जिससे तात्कालिक खतरा टल गया है। ड्रेजर मशीनों से गाद हटाई जा रही है और जहाजों के जरिए मेगा सैंड बैग गिराए जा रहे हैं। भागलपुर की जिलाधिकारी, नवगछिया एसपी और एसडीओ मौके पर मुस्तैद हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी फैल रहा है, लेकिन संवेदनशील हिस्सों को मजबूत करने के लिए बोल्डर पिचिंग की तैयारी युद्धस्तर पर जारी है।

Share:

Comments

Leave a comment