बिहार की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी: मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार

बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विभागीय कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान विभाग के सचिव प्रणव कुमार भी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समीक्षा
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने पिछले वर्ष दोनों सांस्कृतिक क्षेत्रों द्वारा बिहार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रमों में शामिल कलाकारों, उनकी प्रस्तुतियों और चयन प्रक्रिया का पूरा विवरण अधिकारियों से मांगा। इसके साथ ही आगामी दिनों में प्रस्तावित गतिविधियों की भी जानकारी ली गई।
कला और लोक परंपराओं पर फोकस
मंत्री ने अधिकारियों को बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के कलाकारों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के लिए बेहतर समन्वय आवश्यक है। दोनों सांस्कृतिक क्षेत्रों से योगदान की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया।
स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन
मंत्री ने योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक स्थानीय और प्रतिभावान कलाकारों तक पहुंचाने पर जोर दिया। आगामी कार्यक्रमों में जिले के विभागीय अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। बैठक में कोलकाता केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर तपस और प्रयागराज केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मुकेश उपाध्याय मौजूद रहे।