बिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया हवाई सर्वेक्षण

Ghazala Saheb24 August 20262 min read115 viewsBihar
बिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया हवाई सर्वेक्षण

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विभिन्न प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने नवगछिया के राघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय और बख्तियारपुर सहित कई इलाकों का हवाई निरीक्षण किया।

राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर, दियारा एवं निचले इलाकों की स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचनी चाहिए।

भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ की स्थिति, नदियों के जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पानी का दबाव तेजी से कम हो रहा है और जल्द ही स्थिति में सुधार होने की संभावना है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री की पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं।

प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत और बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति में होने वाले बदलाव की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने जल संसाधन विभाग को पूरी तरह मुस्तैद रहने और लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

Share:

Comments

Leave a comment