बिहार कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई, 29 नेताओं को थमाया कारण बताओ नोटिस

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के मामले में 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित एआईसीसी के समीप बिहार प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल होने के मामले में की गई है।
कारण बताओ नोटिस की मुख्य बातें
बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने जारी नोटिस में कहा है कि संबंधित नेताओं का उक्त गतिविधि में शामिल होना पार्टी की नीति, अनुशासन एवं निर्देशों का उल्लंघन है तथा यह घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। नोटिस में सभी संबंधित नेताओं को निर्देश दिया गया है कि नोटिस प्राप्त होने के 72 घंटे के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति के समक्ष प्रस्तुत करें और बताएं कि उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।
समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा प्राप्त उत्तर असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में समिति संबंधित नेताओं के विरुद्ध पार्टी नियमों के अनुसार एकतरफा अनुशासनिक कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगी। जिन 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है उनमें प्रमुख हैं पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूनम देवी, कांग्रेस नेता विधूशेखर पांडेय, भारत भूषण दूबे, सत्येंद्र यादव, मृत्युंजय सिंह।