उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कंट्रोल कमांड सेंटर का निरीक्षण कर बाढ़ बचाव कार्यों की समीक्षा की

बिहार के उप मुख्यमंत्री-सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को सिंचाई भवन स्थित जल संसाधन विभाग के कंट्रोल कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ से बचाव के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
उप मुख्यमंत्री ने पुनपुन और दरधा नदियों के बढ़ते जलस्तर की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा भागलपुर के खरीक प्रखंड स्थित काजीकोरैया-राघोपुर बांध तथा कटाव प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति और किए जा रहे उपायों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संवेदनशील एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों में पूरी तत्परता और मुस्तैदी बरतने का निर्देश दिया। अधिकारियों को इन कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि संभावित क्षति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके और प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
विजय कुमार चौधरी ने जल संसाधन विभाग के सचिव और अभियंताओं सहित पूरी टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि क्षेत्र में चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कंट्रोल कमांड सेंटर के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया। साथ ही स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने को कहा, ताकि बाढ़ और कटाव से होने वाली संभावित क्षति को कम किया जा सके।