बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया निरीक्षण, हर परिवार को मिलेगी राहत

Ghazala Saheb11 September 20261 min read11 viewsBihar
बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया निरीक्षण, हर परिवार को मिलेगी राहत

बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक राहत कार्यों का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

राहत शिविरों और व्यवस्थाओं का जायजा

प्रभारी मंत्री ने सामुदायिक रसोइयों, मेडिकल कैंपों, पशु राहत शिविरों तथा स्वच्छ पेयजल व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने सामुदायिक रसोई में भोजन की गुणवत्ता जांची और स्वास्थ्य केंद्रों पर जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता का हाल जाना। पशु शिविरों में पशुपालकों को सूखा चारा और पशु चिकित्सा की नियमित सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

डॉ. प्रमोद कुमार ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलमग्न क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र बाढ़ प्रभावित परिवार तक त्वरित राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। सरकार द्वारा दी जाने वाली अनुग्रह राशि का भुगतान अविलंब पूरा करने का आदेश दिया गया ताकि पीड़ितों को तत्काल आर्थिक मदद मिल सके।

Share:

Comments

Leave a comment