बिहार में बाढ़ प्रभावित किसानों को मिलेगी हरसंभव सहायता, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा का बड़ा बयान

बिहार में बाढ़ से प्रभावित किसानों को हुई फसल और कृषि संबंधी क्षति को लेकर राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की वास्तविक क्षति का विस्तृत आकलन कराया जा रहा है। क्षति का आकलन शीघ्र पूरा कर किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर फसल क्षति के आकलन और किसानों को फसल क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिल सके।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण एवं स्थलीय निरीक्षण किया। दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण तथा वैशाली के तेरसिया और सरायपुर गांव में स्थलीय निरीक्षण के दौरान फसलों को हुए नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया। इस दौरान प्रभावित ग्रामीणों और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। केंद्रीय कृषि मंत्री का बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे जमीनी स्तर पर फसल एवं कृषि क्षेत्र को हुई क्षति की वास्तविक स्थिति को समझने में मदद मिलेगी।
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कर रही हैं काम
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आपदा की इस घड़ी में किसानों और उनके परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति के आकलन, राहत कार्यों तथा किसानों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि बाढ़ से प्रभावित कोई भी किसान सहायता से वंचित न रहे। फसल क्षति का वास्तविक आकलन होने के बाद निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।