बिहार में बाढ़ की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, विजय चौधरी बोले- जल्द होगा सुधार

बिहार में बाढ़ का मौसम चुनौतीपूर्ण है, लेकिन राज्य में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। गंगा समेत विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि के बावजूद जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन की सतर्कता से स्थिति संभली हुई है। अगले एक-दो दिनों में स्थिति में और सुधार आने की उम्मीद है।
गंगा नदी का जलस्तर पहुंचा उच्चतम स्तर पर
गांधीघाट पर गंगा का जलस्तर इस वर्ष अब तक के उच्चतम स्तर 50.58 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि वर्ष 2016 में यहां गंगा का उच्चतम जलस्तर 50.52 मीटर दर्ज किया गया था। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण कई स्थानों पर बैकवाटर का प्रभाव देखने को मिल रहा है। गंडक और पुनपुन समेत कई नदियों के निचले छोर में जलस्तर बढ़ा है क्योंकि पानी का निकास सुगमता से नहीं हो पा रहा है।
तटबंधों और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी
भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड में काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध क्षतिग्रस्त हुआ था जिसे अधिकारियों के लगातार प्रयासों से सुरक्षित कर लिया गया है। जल संसाधन विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न तटबंधों की दिन-रात निगरानी की जा रही है। पिछले एक सप्ताह के दौरान कुल 171 स्थलों पर फ्लड फाइटिंग का कार्य किया गया है जिससे तटबंधों को सुरक्षित रखने में सफलता मिली है।